मोकामा से जदयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह की शनिवार देर रात गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में हलचल मच गई है। बाढ़ के बेढ़ना से हुई इस गिरफ्तारी के बाद भूमिहार समाज में एकजुटता देखने को मिल रही है। अनंत सिंह को उनके समर्थक ‘छोटे सरकार’ के नाम से पुकारते हैं और वे क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं।
गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने नारे लगाए – “जय अनंत तय अनंत।” उनका कहना है कि अनंत सिंह हमेशा कानून का सम्मान करते आए हैं और जनता ही अब उनकी ताकत बनेगी। समर्थकों ने कहा कि विधायक जी निर्दोष हैं और जनता ही न्याय देगी। इस गिरफ्तारी ने चुनाव से पहले मोकामा के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
अनंत सिंह की लोकप्रियता का आधार उनका स्थानीय जुड़ाव और बाहुबल दोनों रहा है। वे लंबे समय से भूमिहार समुदाय के प्रभावशाली नेता रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी से मोकामा विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण और भी दिलचस्प हो गए हैं, जो आगामी बिहार चुनाव में बड़ा असर डाल सकते हैं।

