बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सियासी बयानबाजी और दिलचस्प नज़ारे देखने को मिल रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को बिहार पहुंचीं, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। ऐसे में उन्होंने सड़क मार्ग से ही अपने कार्यक्रम स्थल बेगूसराय का सफर तय किया। इस दौरान प्रियंका ने बिहार की सड़कों की जमकर तारीफ की, जिससे सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
प्रियंका गांधी ने सड़क यात्रा के दौरान कहा, “मौसम खराब था इसलिए हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका, लेकिन मैं जब सड़क से आई तो दिल खुश हो गया। ये धरती बहुत सुंदर है, और यहां की सड़कें भी गंगा मइया की तरह पवित्र हैं।” प्रियंका का यह बयान अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सड़क विकास योजनाओं की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रियंका का यह बयान चुनावी मौसम में नया राजनीतिक संदेश दे रहा है। एक तरफ जहां वह जनता से जुड़ाव दिखा रही हैं, वहीं नीतीश सरकार के “सुशासन” मॉडल को अप्रत्यक्ष तौर पर स्वीकार कर रही हैं। बिहार की राजनीति में यह टिप्पणी विपक्ष और सत्तापक्ष, दोनों के लिए चर्चा का विषय बन गई है।

