Nationalist Bharat
Bengal Election 2026

2026 में बंगाल में बनेगी भाजपा सरकार_अमित शाह

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। कोलकाता में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव इसी मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उन्होंने इसे सीधे तौर पर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार चुनावी फायदे के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध न कराए जाने के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी पूरी नहीं हो पा रही है। शाह ने सवाल उठाया कि जब असम, त्रिपुरा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में घुसपैठ पर लगाम लग चुकी है, तो केवल पश्चिम बंगाल में यह समस्या क्यों बनी हुई है।

भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर बात करते हुए शाह ने दावा किया कि 2026 में पश्चिम बंगाल में भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ा है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में विकास की रफ्तार तेज होगी, भ्रष्टाचार खत्म होगा और बंगाल की संस्कृति व विरासत को फिर से गौरव मिलेगा।

Leave a Comment