- प्रदेश अध्यक्ष अररिया जिला कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मान समारोह, कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक में हुए शामिल, किया मार्गदर्शन
- कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: संजय सरावगी
- बिहार में भाजपा की सरकार जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ कर रही काम: संजय सरावगी
- संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा: संजय सरावगी
- कार्यकर्ता पार्टी के लिए केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि विचारधारा के वाहक: संजय सरावगी
- प्रवास कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने अररिया मे व्यापारी और प्रबुद्धजनों से संवाद कर विकास और जन भागीदारी पर की चर्चा
- जिला कोर कमिटी की बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन*
पटना:भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी दरभंगा से अररिया पहुंचे। अररिया पहुंचने के क्रम में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। सुपौल जिले के सरायगढ़ में युवा मोर्चा अध्यक्ष जयंत मिश्रा, महेश देव, विमलेन्दु ठाकुर समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के उत्साह और अपनत्व से प्रदेश अध्यक्ष अभिभूत नजर आए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।इसके बाद नरपतगंज सीमा, आईसीपी मोड़ और रामपुर पेट्रोल पंप पर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। टावर चौक मानिकपुर और गोढ़ी चौक अररिया में भी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। जगह-जगह उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह संगठन की मजबूती और पार्टी के प्रति उनके समर्पण को दर्शा रहा था।अररिया जिला कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी कार्यकर्ता सम्मान समारोह, कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। देश और बिहार में भाजपा संगठन जिस मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है, उसके पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं का त्याग, परिश्रम और समर्पण है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी के लिए केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि विचारधारा और संगठन के संदेश को घर-घर पहुंचाने वाले वाहक हैं। चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और समाधान के लिए प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी भाजपा की सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए है। बिहार की जनता ने भाजपा और उसके नेतृत्व पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास को और मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।सरावगी ने कहा कि अररिया जैसे सीमावर्ती जिले में भाजपा संगठन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है। यहां के कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का विश्वास यह बताता है कि आने वाले समय में भाजपा का संगठन और अधिक मजबूत होगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद प्रदेश अध्यक्ष अतिथि गृह, अररिया में जिला कोर कमिटी की बैठक में शामिल हुए। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की मजबूती तथा पार्टी के जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।इसके बाद संजय सरावगी मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक में स्थानीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ।
अररिया प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेतृत्व के साथ आत्मीय संवाद कायम रखा। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद उन्होंने नगर महामंत्री संजीव पासवान के आवास पर भोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ पारिवारिक एवं आत्मीय वातावरण में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी हुई।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता, उत्साह और अपनत्व के साथ स्वागत किया, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सरायगढ़ से लेकर अररिया तक स्वागत करने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका समर्पण भाजपा को निरंतर नई शक्ति प्रदान करता है।प्रदेश अध्यक्ष के अररिया दौरे को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत और कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने संगठन की सक्रियता और एकजुटता को प्रदर्शित किया।

