खेल प्रतिभाओं की खोज, युवाओं को अवसर और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने का संकल्प; पटना के ऊर्जा स्टेडियम में हुआ लीग का औपचारिक शुभारंभ
पटना: बिहार में क्रिकेट की उभरती प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और बड़े मंच पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सारण क्रिकेट लीग (SCL) का भव्य शुभारंभ पटना स्थित ऊर्जा स्टेडियम में किया गया। यह पहल सारण के माननीय सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी की दूरदर्शी सोच और खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।सारण क्रिकेट लीग की परिकल्पना का मुख्य उद्देश्य सारण क्षेत्र के गांवों, कस्बों और दूरदराज के इलाकों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशना, उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने के अवसर प्रदान करना है। यह लीग उन युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिनमें क्रिकेट के प्रति जुनून और क्षमता तो है, लेकिन उचित अवसर और मंच के अभाव में उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती।इस लीग की एक विशेष और सराहनीय पहल यह है कि इसे हंगर फ्री भारत (Hunger Free Bharat) मिशन के साथ भी जोड़ा गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने की अपील को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से श्री राजीव प्रताप रूडी ने खेल के इस मंच को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल की है। इसके माध्यम से भोजन की बर्बादी रोकने, भोजन के महत्व को समझने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
लीग के उद्घाटन समारोह में श्रेयसी सिंह, माननीय खेल मंत्री; छोटी कुमारी, विधायक, छपरा; कुंदन कुमार, आईएएस, सचिव, उद्योग विभाग; तथा प्रसिद्ध अभिनेता एवं गायक अरुण बख्शी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी गणमान्य अतिथियों ने सारण क्रिकेट लीग का औपचारिक शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर श्री कुंदन कुमार ने श्री राजीव प्रताप रूडी की दूरदर्शी सोच और इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए लीग की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।वहीं, सुश्री श्रेयसी सिंह ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने श्री राजीव प्रताप रूडी की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।उद्घाटन समारोह का एक विशेष आकर्षण चैरिटी क्रिकेट मैच रहा, जिसमें जीएसटी अधिकारियों की टीम ‘रेवेन्यू रेंजर्स’ और मीडिया टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में रेवेन्यू रेंजर्स की टीम ने जीत दर्ज की। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले ने खेल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए ₹1.26 लाख से अधिक की पुरस्कार राशि
खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने, उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने और उनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के उद्देश्य से सारण क्रिकेट लीग में आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की गई है।लीग की विजेता टीम को ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को ₹31,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए मैन ऑफ द लीग को ₹21,000 तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को ₹11,000-₹11,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।इस प्रकार कुल ₹1,36,000 की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों और टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए निर्धारित की गई है। यह पुरस्कार खिलाड़ियों के लिए केवल आर्थिक प्रोत्साहन नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
सारण क्रिकेट लीग केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को पहचानने, युवाओं को नई दिशा देने और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का एक व्यापक प्रयास है। इसका उद्देश्य क्रिकेट को केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक परिवर्तन और जन-जागरूकता का प्रभावशाली माध्यम बनाना है।सारण की धरती से क्रिकेट के नए सितारों की खोज और खेल के माध्यम से भोजन की बर्बादी के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश — सारण क्रिकेट लीग इसी दोहरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प है।श्री राजीव प्रताप रूडी की इस पहल से उम्मीद है कि सारण और आसपास के क्षेत्रों की अनेक छिपी हुई प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा और खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दूर-दूर तक पहुंचेगा।सारण क्रिकेट लीग का संदेश स्पष्ट है — मैदान पर प्रतिभा को पहचान, खिलाड़ियों को सम्मान और समाज में हर व्यक्ति तक भोजन का सम्मान।

