पटना:बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार पासवान ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सवाल यह है कि देश को 850 सांसदों की जरूरत आखिर किसे है? क्या देश की जनता और अर्थव्यवस्था इतना अतिरिक्त आर्थिक बोझ सहन कर पाएगी? सरकार आखिर जनता पर कितना बोझ डालना चाहती है?उन्होंने कहा कि परिसीमन के नाम पर सांसदों की संख्या बढ़ाने की चर्चा के बीच सरकार को देश की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि इसका आर्थिक भार कितना होगा और इसका वास्तविक लाभ किसे मिलेगा। जनता के पैसे से चलने वाली व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए।
डॉ. पासवान ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठाए गए सवालों के बीच, चुनाव आयोग पर उसके सहयोगियों द्वारा भी निर्णय प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में परिसीमन जैसी संवेदनशील प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री इन सवालों का जवाब देने से बचते नजर आते हैं। लोकतंत्र में सवालों से बचना नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेह होना सरकार की जिम्मेदारी है।
डॉ. अजय कुमार पासवान ने जाति आधारित जनगणना के मुद्दे पर कहा कि सरकार सामाजिक न्याय के सवाल पर लगातार स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। जाति आधारित जनगणना के बिना परिसीमन करना देश के वंचित, पिछड़े, दलित और कमजोर वर्गों के प्रतिनिधित्व के साथ न्याय नहीं होगा। परिसीमन का आधार केवल संख्या और राजनीतिक गणित नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान प्रतिनिधित्व और संविधान की मूल भावना होना चाहिए।

