पटना: बिहार में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों को लेकर छात्रों के बीच चल रहे आंदोलनों के बीच पटना में ‘GENZ RISING’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। छात्र संगठन आइसा (AISA) और आरवाईए की ओर से यह कार्यक्रम 6 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छात्र-युवा आंदोलनों से जुड़े कई प्रमुख चेहरे शामिल होंगे और शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।कार्यक्रम में भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के छात्रों और युवाओं से जुड़े उन मुद्दों को सामने लाना है, जिनको लेकर पिछले कुछ समय से विभिन्न स्तरों पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं।
‘GENZ RISING’ कार्यक्रम में अलग-अलग छात्र आंदोलनों से जुड़े लोगों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। जंतर-मंतर आंदोलन से चर्चित मोहम्मद इरफान, झारखंड जेपीएससी आंदोलन की नेत्री हबीबा, व्यंग्यकार एवं प्रो. डॉ. मेडुसा, विधायक संदीप सौरभ और पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा सहित कई वक्ता कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा NEET पेपर लीक आंदोलन से जुड़े छात्रों के अनुभव और संघर्ष को सामने लाना भी होगा। आयोजकों के मुताबिक, आंदोलन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई से प्रभावित छात्र कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करेंगे और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अपने सवालों को सार्वजनिक मंच पर रखेंगे।
आइसा और आरवाईए ने कार्यक्रम के लिए ‘स्कूल ठीक करो, शिक्षा सुधारो’ का नारा दिया है। कार्यक्रम में बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सरकारी संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता, प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को रोकने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।इसके अलावा BPSC, BELTRON, दरोगा भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी बहालियों को लेकर संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों के मुद्दे भी कार्यक्रम में उठाए जाएंगे। परीक्षा परिणाम, भर्ती प्रक्रिया, कथित धांधली, परीक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की मांगों से जुड़े सवालों पर वक्ताओं द्वारा अपनी बात रखे जाने की संभावना है।

