केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में अधिकृत शिकायत दर्ज कराई है। स्वतंत्र पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्रा नीशू आजाद के पिता संजय कुमार आजाद के साथ मारपीट करने का आरोप है। चिराग पासवान ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि स्वतंत्र ने एक पॉडकास्ट में कथित तौर पर मारपीट की बात स्वीकार की है और इस मामले में कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र ने कई नेताओं के साथ उनके नाम का भी गलत इस्तेमाल किया है।
स्वतंत्र भारद्वाज से किसी भी तरह का व्यक्तिगत संबंध होने से इनकार करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कोई भी व्यक्ति किसी राजनेता से मिल सकता है या उसके साथ तस्वीर खिंचा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि राजनेता उसे व्यक्तिगत तौर पर जानता हो। चिराग ने स्पष्ट किया कि वह स्वतंत्र को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते और उनका उससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की मांग की।
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी नीशू आजाद के पिता संजय कुमार आजाद और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। दरअसल, स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार आजाद के साथ कथित मारपीट का जिक्र किया था। इसी दौरान उसने चिराग पासवान, कपिल मिश्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर उन्हें अपना ‘बड़ा भाई’ बताया था और समर्थन का दावा किया था। अब चिराग ने इन दावों से दूरी बनाते हुए स्वतंत्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

