बेंगलुरु में चार दिवसीय बिहार महोत्सव 2026 का भव्य आगाज हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में श्रीश्री रविशंकर की मौजूदगी में महोत्सव का उद्घाटन किया। 6 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में बिहार की संस्कृति, विरासत और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिल रही है।
महोत्सव की शुरुआत बिहार गौरव गान से हुई, जिसके बाद प्रसिद्ध लोक नृत्य झिझिया की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
चार दिनों के दौरान झिझिया, सामा-चकेवा, कजरी और झूमर जैसी लोक परंपराओं के साथ बिहार के व्यंजन, हस्तशिल्प और उद्यमिता को भी प्रदर्शित किया जाएगा। लोक गायिका कल्पना पटवारी और लोक गायक सत्येंद्र कुमार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा योग, आयुर्वेद, ध्यान, शास्त्रीय नृत्य और आर्ट ऑफ लिविंग के विशेष वेलनेस कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

