पटना : पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुर्जी का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक समाहर्ता, पटना, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान तथा विद्यालय के कर्मी मौजूद रहे। एसडीओ ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं, रसोईघर और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कक्षा छह में 30, कक्षा सात में 50 और कक्षा आठ में 50 छात्राएं नामांकित पायी गयीं। स्वास्थ्य जांच पंजी भी अद्यतन मिली। छात्राओं ने विद्यालय में डांस क्लास और सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही भोजन के मेन्यू में बदलाव की मांग भी रखी। एसडीओ ने डांस क्लास के शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान को निर्देश दिया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने डांस क्लास की शिक्षिका की उपलब्धता के लिए बिहार शिक्षा परियोजना को अवगत कराने का आश्वासन दिया।

एसडीओ ने विद्यालय के विभिन्न पंजियों की भी जांच की। इस दौरान रोकड़ पंजी, स्टॉक पंजी और अभिश्रव अद्यतन नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने तीन दिनों के भीतर सभी पंजियों को अद्यतन करने का निर्देश दिया। साथ ही पिछले एक माह के बायोमेट्रिक अटेंडेंस की प्रति उपलब्ध कराने को कहा।निरीक्षण में सहेली कक्ष सहित अन्य कक्षाओं, जहां छात्राएं पढ़ती और सोती हैं, की साफ-सफाई संतोषजनक पायी गयी। वहीं, विद्यालय की शिक्षिका ने भवन की छत पर जलजमाव की समस्या से एसडीओ को अवगत कराया। एसडीओ ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान को विद्यालय में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया।

