पटना:आकाशवाणी पटना में हिंदी पखवाड़ा-2026 का भव्य समापन समारोह आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रभारी राजभाषा अधिकारी हरेन्द्र आजाद ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात राजभाषा हिंदी के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संदेश का वाचन किया गया।इस अवसर पर एक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पटना के तीन सुप्रसिद्ध कवियों – डॉ. निखिल आनंद गिरि, डॉ. गोपाल कृष्ण एवं संतोष सिंह ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह के दौरान आकाशवाणी पटना से सेवानिवृत्त हुए श्रीयुत श्रीनिवास सहाय, कार्यक्रम अधिशासी एवं उपेंद्र कुमार पासवान, वरिष्ठ उद्घोषक को पुष्प-गुच्छ, अंगवस्त्र, प्रतीक-चिह्न एवं अन्य उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।तदुपरांत हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित 9 विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता 45 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कार्यालय में सर्वाधिक हिंदी में कार्य करने वाले 10 कार्मिकों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर केंद्राध्यक्ष बृजेश कुमार ने कवियों की शानदार प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। सेवानिवृत्त साथियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आकाशवाणी परिवार की ओर से शुभकामनाएं व्यक्त की। अपने उद्बोधन में उन्होंने हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया।समारोह का समापन प्रभारी राजभाषा अधिकारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

