पटना/छपरा। बेटे को खोने का दर्द किसी पिता के लिए कभी न भरने वाला जख्म होता है, लेकिन तारिक़ अनवर ने इसी दर्द को इंसानियत की सेवा का संकल्प बना लिया है। अपने दिवंगत बेटे फहद आयान की याद में वे 21 अक्टूबर 2026 को 23वीं बार रक्तदान करेंगे। इस अवसर पर सामाजिक संस्था छपरा रेड ड्रॉप वॉरियर्स की ओर से पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान ब्लड सेंटर में 34वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।ब्लड कैंसर से पीड़ित अपने बेटे फहद आयान को खोने के बाद संस्था के संस्थापक अध्यक्ष तारिक़ अनवर ने कैंसर पीड़ित बच्चों की मदद और जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। बेटे की यादों को संजोए वे लगातार रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने में जुटे हैं।
तारिक़ अनवर का प्रयास है कि रक्त की कमी के कारण किसी मरीज का इलाज प्रभावित न हो और किसी दूसरे परिवार को वह पीड़ा न झेलनी पड़े, जिससे उनका परिवार गुजरा है। उनका मानना है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद देने का माध्यम भी है।संस्था की ओर से आयोजित यह शिविर रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बेटे की स्मृति में पिता का लगातार रक्तदान करना प्रेम, संघर्ष और मानव सेवा के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल पेश करता है।तारिक़ अनवर ने लोगों से अपील की है कि वे स्वर्गीय फहद आयान की याद को इंसानियत की सेवा से जोड़ें और रक्तदान के इस अभियान में सहभागी बनें।संस्था का संदेश है कि छपरा से पटना तक इंसानियत का कारवां—हर घर रक्तदाता, घर-घर जीवनदाता।”

