पटना:पटना नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमणमुक्त, व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से अतिक्रमण के खिलाफ प्रतिदिन विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के निर्देश पर शुक्रवार को मिलर हाई स्कूल से हाई कोर्ट गेट नंबर-4 तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान वीरचंद पटेल पथ पर सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के क्रम में 15 अस्थायी दुकानों को हटाया गया तथा मौके पर संचालित कोयले की भट्टियों को ध्वस्त किया गया।निगम की टीम द्वारा अतिक्रमण में प्रयुक्त 5 ठेले एवं 7 करकट जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त करीब 3 हाइवा बांस-बल्लियों को हटाया गया तथा सार्वजनिक स्थान पर रखे गए लोहे के 2 बेंच भी जब्त किए गए।
अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में टास्क फोर्स के 10 कर्मियों की टीम द्वारा कार्रवाई की गई। इसके साथ ही निगम की एक अन्य टीम द्वारा पूर्व में अतिक्रमणमुक्त कराए गए क्षेत्रों का भी लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है निगम की टीम ने स्थानीय दुकानदारों एवं आसपास के लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क, फुटपाथ, गोलंबर एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए। निगम द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि अतिक्रमणमुक्त कराए गए क्षेत्रों में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पटना नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ उपलब्ध कराने तथा यातायात को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

