पटना:पटना नगर निगम द्वारा निगम क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए अवैध यूनिपोल एवं अन्य अवैध विज्ञापन संरचनाओं के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कंकड़बाग अंचल में छह स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए यूनिपोल के मामले में अज्ञात के विरुद्ध कंकड़बाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।नगर निगम की कार्रवाई के दौरान कंकड़बाग अंचल में विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से स्थापित यूनिपोल को हटाया गया। इनमें साई नेत्रालय के समीप, कंकड़बाग टेंपो स्टैंड, विकलांग भवन के सामने, लोहिया नगर पोस्ट ऑफिस के समीप, मेदांता अस्पताल गेट नंबर-1 के पास तथा मेदांता अस्पताल के पीछे स्थित अवैध यूनिपोल शामिल हैं।
अवैध यूनिपोल हटाए जाने के साथ ही इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों/एजेंसियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कंकड़बाग थानाध्यक्ष को पत्र भेजा गया है। पत्र के माध्यम से ऐसे अवैध कृत्यों की पुनरावृत्ति रोकने तथा संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।निगम क्षेत्र में समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर ऐसी अवैध संरचनाओं को चिन्हित कर हटाने एवं संबंधित व्यक्तियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध प्राथमिकी सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

