पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी आगामी 20 सितंबर को अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करेगी। जन सुराज की ओर से सभी संबंधित सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में आगामी विधान परिषद चुनाव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी में पिछले कई दिनों से लगातार मंथन चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, कई सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि जन सुराज अंतिम चरण में ही उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक करने की रणनीति पर काम कर रही है।पटना में पार्टी स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं और संभावित उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व जल्द ही इन नामों पर अंतिम मुहर लगाने की तैयारी में है।
विधान परिषद चुनाव से पहले जन सुराज ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया है। पार्टी ने 1668 डुप्लीकेट नाम होने का दावा करते हुए यह मामला निर्वाचन आयोग के समक्ष रखा था। पार्टी का कहना है कि आयोग ने अंतिम मतदाता सूची में गड़बड़ियों को दूर करने का आश्वासन दिया है। जन सुराज लगातार इस मुद्दे को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़कर उठा रही है।पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर भी जन सुराज के संभावित उम्मीदवार के नाम की चर्चा तेज है। डॉ. दिव्या ज्योति का नाम संभावित प्रत्याशी के रूप में सामने आया है। हालांकि, पार्टी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सभी की नजरें 20 सितंबर पर टिकी हैं। इसी दिन स्पष्ट होगा कि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी विधान परिषद चुनाव में किन चेहरों पर अपना भरोसा जताती है।

