पटना :जमुई में छात्राओं के साथ हुई शर्मनाक घटना को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लिया है। घटना की वास्तविक स्थिति एवं पीड़ित परिवार की समस्याओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राजेश राम के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय कमेटी ने आज 23 सितंबर को जमुई पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।उच्चस्तरीय कमेटी ने जमुई प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। कमेटी ने विशेष रूप से POCSO एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई, शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने तथा मामले का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने की मांग की।कमेटी ने प्रशासन से यह भी मांग की कि पीड़िता और उसके परिवार को हर संभव सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार भयमुक्त होकर न्याय की प्रक्रिया में सहयोग कर सके।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील एवं सुनसान इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आवश्यकतानुसार CCTV निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की।दौरा करने वाले उच्चस्तरीय कमिटी में मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, प्रो. (डॉ.) कुमारी अनिता, डॉ. गौरव सिंह, जितेंद्र नाथ पटेल, श्रीमती पूनम यादव, सूरज यादव एवं श्रीमती मेनका कुमारी, चंद्र भूषण राजपूत शामिल रहे।

